12 जुलाई को खटीमा में होंगे ऑडिशन
एन आई एन,
खटीमा। क्षेत्र की उभरती और छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कार्यरत जासेस क्लब द्वारा "स्वर समर्पण – सुरों की कोकिला" नामक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत रत्न स्वर्गीय लता मंगेशकर को संगीतमय श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित होगा।
क्लब के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत लोहनी, उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता एवं सचिव रितु जोशी ने बताया कि वर्ष 2023 में स्थापित जासेस क्लब लगातार सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान कर रहा है। क्लब ने अपने पहले बड़े आयोजन "जासेस टैलेंट हंट" के माध्यम से गायन, नृत्य, मॉडलिंग और अभिनय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया था, जिसे प्रतिभागियों और दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला।
उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रम "स्वर समर्पण – सुरों की कोकिला" में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। कार्यक्रम के लिए पहला ऑडिशन 12 जुलाई 2026 को कंजाबाग, खटीमा के एक होटल में आयोजित होगा। ऑडिशन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
क्लब पदाधिकारियों ने क्षेत्र के संगीत प्रेमियों और प्रतिभाशाली कलाकारों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन करने की अपील की है। उनका कहना है कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं।