7 घंटे बाद बरामद हुई 5 वर्षीय बच्ची

 

संदिग्ध की तलाश के लिए पुलिस की चार टीमें गठित

एन आई एन,

पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 5 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने करीब 7 घंटे के भीतर  बरामद कर लिया। बच्ची के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली, वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। बच्ची को हाथ पकड़ कर ले जाने वाला व्यक्ति सीसीटीवी में कैद हो गया है

कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी 5 वर्षीय पुत्री के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बच्ची की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया। देर शाम करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची को बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार बच्ची कहां से गई और उसको कौन ले गया, आदि जानकारी जुटाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा उसकी काउंसलिंग की भी तैयारी की जा रही है इस मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है। मामले में बच्चीं को ले जाने वाले संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उसकी खोज के लिए पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। बच्ची के लापता होने की सूचना के बाद शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया था। पुलिस ने कल देर शाम तक जिले की सीमाओं को जोड़ने वाले बैरियरों और प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया।

फिलहाल बच्ची को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस की एक टीम बच्ची तथा उसके परिवार की सुरक्षा में भी लगाई गयी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और नगर में हर और इसी की चर्चा है।



Share on Facebook Share on WhatsApp