एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले के भड़कटिया क्षेत्र में एक महिला को सांप ने डस लिया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार भड़कटिया निवासी तारा देवी (50 वर्ष) सोमवार सुबह अपने मकान का कमरा खोल रही थीं। इसी दौरान कमरे के पास छिपे एक सांप ने उनके पैर में डस लिया। घटना के बाद परिजन घबरा गए और उनके पति तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया।
चिकित्सकों का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला की हालत स्थिर बनी हुई है और वह खतरे से बाहर हैं।
गौरतलब है कि गर्मियों और बरसात के मौसम में सांपों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। जंगलों और झाड़ियों से निकलकर सांप आबादी वाले क्षेत्रों और घरों के आसपास पहुंच जाते हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, झाड़ियों को हटाने तथा किसी भी सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील की है।