एन आई एन,
पिथौरागढ़। टनकपुर-खटीमा मार्ग पर विचई के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिथौरागढ़ निवासी एक टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर सवार दंपत्ति घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब टैक्सी कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टैक्सी वाहन खटीमा की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में ट्रैक्टर पर सवार पति-पत्नी भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और यातायात सुचारु कराया।
मृतक चालक पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट निवासी 34 वर्षीय हरीश पुत्र मोहन सिंह है और घायल ट्रैक्टर चालक दयाराम भवन की पत्नी रामवती हैं, मृतक चालक अपने पीछे माता-पिता पत्नी व दो बेटियों को छोड़ गए हैं। सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।