एक सप्ताह में नालियों की सफाई के निर्देश

एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सोमवार को जिला कार्यालय स्थित कैंप कार्यालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान स्वच्छता कार्यों में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण के लिए गठित समितियों को तत्काल सक्रिय किया जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक में डीएम ने नगर क्षेत्र की सभी नालियों की सफाई एक सप्ताह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में सफाई कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिशासी अभियंता की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्वच्छता कार्यों की फोटोग्राफ सहित साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा कूड़े के पृथक्करण को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कार्य संतोषजनक नहीं है, वहां तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

बैठक में बड़े अपशिष्ट उत्पादकों पर विशेष ध्यान देने, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की मैपिंग करने और चालान कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि नगर की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दिन में दो बार सफाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सभी विभागों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ पिथौरागढ़ के निर्माण में योगदान देने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का आह्वान किया।



Share on Facebook Share on WhatsApp