एन आई एन,

पिथौरागढ़। नगर निगम सभागार में प्रख्यात फोटोग्राफर संजीव भसीन द्वारा आयोजित एकल फोटो प्रदर्शनी ‘आरोहण’ का रविवार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित हिमालयी प्राकृतिक सौंदर्य, जनजीवन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों से जुड़े छायाचित्रों की सराहना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि फोटोग्राफी केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और प्रकृति के विविध आयामों को संरक्षित करने का सशक्त साधन भी है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित तस्वीरें पिथौरागढ़ और हिमालयी क्षेत्र की सुंदरता को दर्शाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन संवर्धन और स्थानीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य कर रही हैं।

इस दौरान फोटोग्राफर संजीव भसीन ने जिलाधिकारी को विभिन्न छायाचित्रों के पीछे की कहानियों और उन्हें कैद करने की परिस्थितियों की जानकारी दी। प्रदर्शनी में हिमालय की बर्फाच्छादित चोटियां, सीमांत क्षेत्रों के जनजीवन, प्राकृतिक दृश्यों और साहसिक अभियानों से जुड़े दुर्लभ छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को प्रकृति, कला और रचनात्मकता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जनपदवासियों से भी प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की।

इस अवसर पर मेयर कल्पना देवलाल, राकेश देवलाल, पवन जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और कला प्रेमी मौजूद रहे।



Share on Facebook Share on WhatsApp