21-Feb-2026

एन आई एन, 

खटीमा। देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में 65 वर्षीय जानकी चंद की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए उनके भतीजे रवि चंद को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पैसों के लालच में वारदात को अंजाम दिया।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 18 फरवरी की रात सितारगंज रोड स्थित कॉलोनी में वृद्धा का शव घर के अंदर खून से लथपथ मिला था। मृतका के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पूछताछ के आधार पर आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड निवासी भतीजे रवि चंद को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल में मजदूरी करता है और पैसों की जरूरत के चलते वारदात की योजना बनाई। 17 फरवरी की शाम वह मफलर से चेहरा ढककर ताई के घर पहुंचा, खाना खाने के बाद पीछे से मफलर से गला दबा दिया। वृद्धा के गिरने से उनके नाक-मुंह से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी अलमारी से पर्स लेकर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर संबंधित सामान की बरामदगी की जा रही है। खुलासा करने वाली टीम में सीओ विमल रावत, कोतवाल विजेंद्र शाह और एसआई किशोर पंत शामिल रहे।



Share on Facebook Share on WhatsApp