एन आई एन
पिथौरागढ़। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार को आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए। उन्होंने इस स्थल को बेहद खूबसूरत बताते हुए कहा कि उनकी यात्रा अविस्मरणीय है। इससे पहले गुंजी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने रं परंपराओं के अनुसार पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने आर्मी गेस्ट हाउस पहुंचकर आईटीबीपी व एसएसबी के जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जवानों के त्याग और बलिदान का पूरा देश सम्मान करता है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए जवानों का धन्यवाद किया, साथ ही जवानों का मुंह मीठा कराकर उनकी हौसला अफजाई की। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत गतिमान और प्रस्तावित योजना का पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों और आईटीबीपी के बीच उच्च गुणवत्ता वाले पोल्ट्री उत्पादन की आपूर्ति के लिए हुए समझौते की जानकारी भी दी। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रदेश के दुग्ध एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उप जिलाधिकारी धारचूला मनजीत सिंह मौजूद रहे।
